: सियाजू झूल रही बगिया में दशरथ राज कुॅंवर के संग
Thu, Aug 24, 2023
प्रसिद्ध पीठ श्री हनुमान बाग में छाया झूलनोत्सव का उल्लास
अयोध्या। सियाजू झूल रही बगिया में दशरथ राज कुॅंवर के संग। सावन की बहार परत बुदन फुहार,झूलै स्वामिनी श्री सरकार शोभा अमित बनी। दशरथ राज दुलारे पिया संग झूला झूलैं नाय। श्री राम नगरी में सावन झूलनोत्सव की अनुपम छटा बिखर रही है, गीत संगीत नृत्य अपने परवान पर है। अयोध्या के सभी मंदिरों में सांस्कृतिक उल्लास छलकने लगा है और उत्कृष्ट कलाकार ठाकुर जी के समक्ष अपनी श्रद्धा अर्पित कर रहे है। वैष्णो नगरी के प्रसिद्ध पीठ श्री हनुमान बाग के पीठाधीश्वर महंत जगदीश दास महाराज सानिध्य में श्रावण शुक्ल पक्ष की एकादशी को युगल सरकार अद्भुत अलौकिक अद्वितीय झूले पर विराजमान हुए और आध्यात्मिक गीत संगीत की अविरल गंगा बहने लगी जिस में गोते लगाने के लिए देश के कोने कोने से श्रद्धालुओं के साथ अयोध्या के भी संत महंत पहुंचे और ठाकुर जी को झूला झूलाने के साथ पदों को सुनकर मंत्रमुग्ध हो गए। मंदिर के पुजारी योगेंद्र दास भगवान को झूला झुला रहें है। आए हुए संतों का स्वागत मंदिर के व्यवस्थापक सुनील दास व रोहित शास्त्री व नितेश शास्त्री ने किया। हनुमान बाग में भगवान युगल सरकार झूले पर विराजमान है। ठाकुर जी का दर्शन पूजन हो रहा है और शाम होते ही आध्यात्मिक सांस्कृतिक और संगीत की छटा प्रारंभ होती है जिसको देखने के लिए श्रद्धालु भावविभोर होकर हनुमान बाग की ओर उन्मुक्त होकर चले आते है। श्रद्धालुओं के साथ अयोध्या के संत महंत भी श्री महाराज जी के निर्देशन में चलने वाले आध्यात्मिक सांस्कृतिक और संगीतमय संध्या को सुनने पहुंचने लगते है।
: राजू दास मानसिक दिवालियापन के शिकार है: मिथलेश यादव
Thu, Aug 24, 2023
सरदार पटेल नगर वार्ड के सपा पार्षद प्रतिनिधि मिथलेश यादव सोनू ने कहा, राजू दास अपने हद में रहें
प्रशासन समाजवादियों के धैर्य की परीक्षा न ले, अमर्यादित बयान पर कार्रवाई करें
अयोध्या। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर हनुमानगढ़ी के संत राजू दास द्वारा दी गई अमर्यादित टिप्पणी पर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है समाजवादी पार्टी के युवा नेता सरदार पटेल नगर वार्ड के पार्षद प्रतिनिधि मिथिलेश यादव उर्फ सोनू ने प्रेस से मुखातिब होते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर जो भी टिप्पणी राजू दास ने किया है वह क्षमा योग्य नहीं है शासन प्रशासन को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा दिए गए ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई करना चाहिए अगर ऐसा नहीं हुआ तो युवाओं के नेता अखिलेश यादव के लिए युवा समाज आंदोलित होगा और तब शासन प्रशासन को यह बात समझ में आएगी की सपा के मुखिया पर अमर्यादित टिप्पणी करने वाले पर कार्रवाई न करने का अंजाम क्या होता है।
मिथलेश यादव सोनू ने कहा कि राजू दास मानसिक दिवालियापन का परिचायक है। राजनीतिक लाभ के लिए ऐसी बयानबाजी शोभा नहीं देती है। उन्होंने कहा कि समाजवादियों के लिए अखिलेश यादव उनके आइकन हैं हम सभी युवा यह कतई नहीं बर्दाश्त करेंगे की एक पढ़े लिखे शिक्षित और प्रदेश को विकास की रेलगाड़ी पर दौड़ने वाले अखिलेश यादव पर कोई भी व्यक्ति ऐसी टिप्पणी करें जो क्षमा योग्य न हो। उन्होंने कहा प्रशासन समाजवादियों के धैर्य की परीक्षा ले रहा जो बयान के 48 घंटे बीत जाने के बाद कार्रवाई नहीं कर रहा है ऐसे में हम समाजवादी लोग शांत होकर के यह देख रहे हैं कि प्रशासन क्या करता है अगर आने वाले समय में कुछ नहीं हुआ तो हम लोग अपना विरोध दर्ज कराएंगे और अपने नेता के खिलाफ एक भी शब्द अपशब्द बर्दाश्त नहीं करेंगे।
: रामनगरी में झूलनोत्सव का उल्लास चरम पर
Thu, Aug 24, 2023
मंदिर में झूलन परम्परा सैंकड़ाे वर्षाें से चली आ रही,जिसे पूर्वचार्य गुरुजनों के आशीर्वाद से आगे बढ़ाया जा रहा: महंत श्रीघर दास
अयोध्या में सावन झूला मेले की धूम, भक्तों का उमड़ा सैलाब
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में प्रसिद्ध सावन झूला मेले का उल्लास अब अपने चरम पर पहुंच गया है। सावन झूला मेला श्रद्धालुओं से गुलजार है। मेले के अंतिम पर्व पूर्णिमा स्नान के करीब आने के साथ ही मठ-मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ है। मठ-मंदिरों में देर रात तक चलने वाले धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आकर्षण श्रद्धालुओं के सिर चढ़कर बोलने लगा है।मुख्य पर्व के नजदीक आने के साथ ही रामनगरी में जबर्दस्त उल्लास छाया है। मंदिरों में गूंज रही झूले में आज सज धजकर युगल सरकार बैठे हैं। कजरी की पंक्तियां भक्तों को बरबस अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं। धर्मनगरी में शाम होते ही मंदिरों में तबले की थाप व हारमोनियम की धुनाें के बीच आयोजित कार्यक्रम श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। रसिक उपासना के मुख्य पर्व झूलनोत्सव पर मठ-मंदिरों में भगवान को हृदयरूपी पालने में बैठाकर संत-धर्माचार्य व श्रद्धालु झूला झुला रहे हैं।
रामनगरी के रामघाट स्थित श्यामा सदन मंदिर में झूलन महाेत्सव की धूम है। जहां मंदिर के पीठाधीश्वर महंत बालयोगी श्रीघर दास महाराज के संयाेजन में उत्सव मनाया जा रहा है। नगरी के नामचीन कलाकार द्वारा पद का गायन किया जा रहा है।गावे रस भरी तान गावे रस भरी तान प्यारे प्यारी को झूलावै गावे रस भरी तान।।सियजू झूल रही बगिया मे दशरथ राज कुँवर के संग।दशरथ राज कुँवर के संग ये हा दशरथ राज कुँवर के संग। चलो देखि आई सिया रघुवीर झुलनवा झूल रहे।सावन के दिन में शौक से झूला झुलाये आदि झूलन के पद्य गाकर लाेगाें काे भावविभाेर कर रहे हैं। इस अवसर पर श्यामा सदन पीठाधीश्वर महंत बालयोगी श्रीघर दास महाराज ने बताया कि मंदिर में झूलन की परम्परा सैंकड़ाे वर्षाें से चली आ रही है। जिसे पूर्वचार्य गुरुजनों के आशीर्वाद से आगे बढ़ाया जा रहा है। श्रावण तृतीया से लेकर रक्षाबंधन तक यह महोत्सव अपने चरमाेत्कर्ष पर रहता है, जिसमें संत व भक्तगण आनंदित हाेकर गाेता लगाते हैं।इसके साथ जानकी महल,दशरथ महल बड़ास्थान, मणिरामदास जी की छावनी, कौशलेश सदन, श्रीरामबल्लभाकुंज, सियाराम किला झुनकी घाट, हर्षण कुंज, विअहुति भवन, जानकीघाट बड़ास्थान, लक्ष्मण किला, कनक भवन, हनुमत निवास, विश्वविराट विजय राघव मंदिर, कालेराम मंदिर, लवकुश मंदिर सहित अन्य मठ-मंदिरों में झूलनोत्सव की धूम है।