: वेद वेदांत का परिपक्व फल है श्रीमद् भागवत कथा: रामानुजाचार्य
Sun, Jul 27, 2025
वेद वेदांत का परिपक्व फल है श्रीमद् भागवत कथा: रामानुजाचार्यरामलला सदन देवस्थानम में श्रावण झूलनोत्सव के पावन अवसर श्रीमद्भागवत कथा की बह रही रसधारअयोध्या। रामनगरी के प्रसिद्ध पीठ रामलला सदन देवस्थानम में श्रीमद्भागवत कथा की रसमयी वर्षा हो रही है। श्रीमद्भागवत कथा के तृतीय दिवस में व्यासपीठ पर विराजमान जगद्गुरू रामानुजाचार्य डा स्वामी श्री राघवाचार्य जी महाराज ने कथा का विस्तार करते हुए कहा 5 वर्षीय अबोध बालक ध्रुव की तरह अविरल भक्ति जब साधक के मन में व्याप्त हो जाती है तब वह साधक भगवत धाम को प्राप्त करता है। जगद्गुरू जी ने पापी अजामिल की कथा का श्रवण कराते हुए कहा जन्म से ही पाप कर्म में लीन अजामिल प्रभु भक्ति में लीन संत जनों की कृपा पाकर के भगवान के धाम को प्राप्त करता है। वेद वेदांत का परिपक्व फल है श्रीमद् भागवत कथा। मनुष्य जन्म को प्राप्त करके प्रभु के बताए हुए मार्ग का अनुसरण करके सभी साधक भक्तजन सभी सुखों को प्राप्त कर सकते हैं।स्वामीजी ने कहा कि हिरण्यकश्यप ने घोर तप किया ब्रह्मा जी से वरदान भी प्राप्त किया लेकिन साधक भक्तों के मन में यदि अभिमान व्याप्त हो जाता है तो वह साधक भक्त भी भक्ति मार्ग से अलग हो जाता है और पाप कर्म में लीन हो जाता है। हिरण्यकशिपु के पुत्र बालक प्रहलाद मां के गर्भ में ही देवर्षि नारद से नवधा भक्ति का श्रवण करने के प्रभाव से अनेकों यातनाएं पिता से पाकर भी भक्ति मार्ग को नहीं छोड़ते हैं। प्रह्लाद जी की दृढ़ भक्ति को देख कर भगवान भक्त प्रहलाद को बचाने नरसिंह रूप धारण करके दुष्ट हिरण्यकशिपु का वध करते हैं। सुखदेव जी महाराज से कथा का श्रवण करके राजेंद्र परीक्षित जी का विश्वास और भी दृढ़ हो गया।कथा से पूर्व व्यासपीठ का पूजन यजमान ओमप्रकाश जी ने सपरिवार ने किया। श्रावण झूलनोत्सव के पावन अवसर पर मंदिर में हो रहा श्रीमद् भागवत कथा। इस मौके पर राजेश मिश्रा, रमेश मिश्रा सिब्बू, राघवेंद्र अप्पू, मनोज तिवारी, अवधेश शास्त्री सहित जगद्गुरु जी के शिष्य परिकर मौजूद रहे।
: शिद्दत से शिरोधार्य हुए राम मंदिर आंदोलन के पुरोधा रामचंद्र दास परमहंस
Sun, Jul 27, 2025
शिद्दत से शिरोधार्य हुए राम मंदिर आंदोलन के पुरोधा रामचंद्र दास परमहंसराम मंदिर आंदोलन की हृदय स्थली रही दिगंबर अखाड़ा में 22वीं पुण्यतिथि पर संत धर्माचार्यों सहित शिष्य परिकरों ने पुष्पांजलि अर्पित कर नमन कियामंदिर में चल रहे पाच दिवसीय महोत्सव का हुआ भव्य समापन, अतिथियों का स्वागत किया उत्तराधिकारी महंत रामलखन दास नेअयोध्या। रामनगरी में प्रतिवाद भयंकर के नाम से मशहूर रहे राम मंदिर आंदोलन के पुरोधा रामचंद्र दास परमहंस की रविवार को 22वीं पुण्यतिथि है। राम मंदिर आंदोलन की हृदय स्थली रही दिगंबर अखाड़ा में आज उनको श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान अयोध्या ही नहीं आसपास के जिलों के भी साधु संत मौजूद रहे और नम आंखों से राम मंदिर आंदोलन के पुरोधा रामचंद्र दास परमहंस को श्रद्धांजलि अर्पित की। स्वर्गीय रामचंद्र दास को श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के साथ अयोध्या के वरिष्ठ साधु संतों ने पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा कि राम मंदिर आंदोलन को लेकर के कभी किसी से न डरने वाले प्रतिवाद भयंकर जिसे वाद विवाद में कभी कोई नहीं जीत सकता था, जो शंकराचार्य से भी राम मंदिर आंदोलन पर खुलकर चर्चा करते थे और प्रधानमंत्री से भी आंख में आंख डाल करके राम जन्मभूमि के मुक्ति की बात करते थे। ऐसे थे प्रतिवाद भयंकर स्वर्गीय रामचंद्र दास परमहंस। चंपत राय ने कहा कि राम मंदिर आंदोलन में हमेशा सक्रिय भूमिका निभाने वाले स्वर्गीय रामचंद्र परमहंस की आज पुण्यतिथि है, जिन्हें आज हमने श्रद्धांजलि अर्पित की है। रामचंद्र दास परमहंस को याद करते हुए उन्होंने कहा कि राम मंदिर आंदोलन के साथ जानवरों से उनका विशेष लगाव था। फक्कड़ स्वभाव के कारण उन्हें परमहंस की उपाधि दी गई थी। प्रतिवाद भयंकर और परमहंस यह दोनों उपाधि उनके लिए एकदम परफेक्ट थी। हमेशा जानवरों के प्रति उनका लगाव था। बंदरों के भोजन की व्यवस्था वह प्रतिदिन करते थे। इसके साथ ही वह कभी दूध और फल का सेवन न करके केवल चाय का ही सेवन करते थे। इन तमाम विषयों पर बहुत गंभीरता से चंपत राय ने रामचंद्र दास परमहंस को याद करते हुए मीडिया से बातचीत की।
कैसरगंज के लोकप्रिय नेता पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने परमहंस के जीवन के प्रेरणादायक प्रसंगों और उनके अदम्य साहस को याद किया।
उत्तराधिकारी महंत रामलखन दास ने अपने दादा गुरु को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पूज्य स्वर्गीय परमहंस राम मंदिर के लिए जीते थे। राम मंदिर के लिए उन्होंने आंदोलन शुरू किया और आंदोलन को ऐसी धार दे गए, जिसे कोई भूला नहीं सकता है।मंदिर के वर्तमान पीठाधीश्वर महंत रामलखन दास ने कहा कि जब-जब आंदोलन में निराशा छाई, तब-तब परमहंस जी की वाणी ने आशा का संचार किया।
परमहंस जी का सानिध्य प्राप्त करने वाले सेवानिवृत्त पीसीएस अधिकारी राजेश नाथ त्रिपाठी ने कहा कि अगर वो न होते तो मंदिर आंदोलन जन-जन का आंदोलन नहीं बन पाता। वे अकेले खड़े होकर हजारों को प्रेरित कर देते थे। महंत रामलखन दास व व्यवस्थापक आशुतोष सिंह ने संत-धर्माचार्यों का अभिनंदन किया। श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में महंत रामशरण दास, जगद्गुरु रामानन्दाचार्य रामदिनेशाचार्य, महंत गौरीशंकर दास, महंत डॉ. भरत दास, महंत विवेक आचारी, जगद्गुरु डॉ. राघवाचार्य, महंत मिथिलेश नंदिनी शरण, महंत जन्मेजय शरण, महंत अवधेश दास, महंत रामकुमार दास, कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह, वरिष्ठ पुजारी हेमंत दास,महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, नगर विधायक वेदप्रकाश गुप्ता, पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय,नीलेश सिंह, महेंद्र त्रिपाठी सहित, वृंदावन, मध्यप्रदेश, गुजरात सहित अन्य कई प्रांतों से संत-धर्माचार्य व भक्त शामिल रहे।
: रामनगरी का सुप्रसिद्ध श्रावण झूला मेला का हुआ आगाज
Sun, Jul 27, 2025
रामनगरी का सुप्रसिद्ध श्रावण झूला मेला का हुआ आगाजसिद्ध पीठ श्री दशरथ जी के राजमहल बड़ा स्थान, श्री हनुमत निवास,बड़ा.भक्त माल आश्रम समेत नगरी के विभिन्न मठ मंदिरों से निकली शोभायात्रा, मंदिर मंदिर झूलनोत्सव शुरुबड़ा भक्त माल आश्रम में झूले पर विराजमान स्वरूप सरकार को झूला झुलाते संत साधक, कजरी गीत गाती सखियांअयोध्या। अयोध्या का प्रसिद्ध मणिपर्वत झूला मेला आज से शुरू हो गया है। आज शाम को प्रसिद्ध पीठ कनक भवन, श्री दशरथ जी के राजमहल बड़ा स्थान व हनुमत निवास सहित एक हजार मंदिरों में झूला उत्सव मनाया जाएगा। अधिकांश मंदिरों में भगवान के अचल विग्रह झूलन पर विराजमान हो गए हैं। जबकि चल अर्थात उत्सव विग्रह को धूमधाम से रथ पर मणिपर्वत ले जाया जाएगा। वहां पेड़ की डाल में झूला डाल कर भगवान को सावन का पहला झूला झुलाया जाएगा।
मणिपर्वत पर झूले पर विराजमान भगवान के विग्रह और स्वरूपों के सामने गायन-वादन और नृत्य करके संत भगवान को प्रसन्न करेंगे। यह रमणीय स्थान सीता जी को बेहद प्रिय माना जाता है। मान्यता है कि आज भी सावन में सीता जी श्रीराम के साथ यहां झूला झूलती हैं। भगवान की इस झांकी का दर्शन भक्तों के सभी मनोरथों को पूरा करने वाला बताया जाता है।
मान्यता है कि राजा जनक द्वारा नेग में दी गई अशर्फी के ढेर को रखने से यह स्थान पर्वत जैसा होकर मणिपर्वत के नाम से प्रसिद्ध हुआ। यहां अत्यन्त प्राचीन मंदिर भी है जिसका कड़ी सुरक्षा के बीच आज लाखों भक्त दर्शन कर रहे हैं। मेला क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन के सारे अधिकारी डटे हुए हैं। यात्रा मार्ग की सुरक्षा में पुलिस के साथ पीएसी भी लगाई गई। शोभायात्रा चक्रवर्ती सम्राट राजा दशरथ जी का राजमहल के पीठाधीश्वर बिंदुगाद्याचार्य महंत देवेंद्रप्रसादाचार्य जी महाराज के पावन सानिध्य व मंगल भवन पीठाधीश्वर श्रीमद् जगद्गुरू अर्जुनद्वाराचार्य स्वामी श्री महान्त कृपालु रामभूषण देवाचार्य जी महाराज के संयोजन में निकली। हनुमत निवास से रथ पर सवार युगल सरकार के साथ आचार्य पीठ श्री लक्ष्मणकिला के किलाधीश महंत मैथली रमण शरण व हनुमत निवास के महंत मिथलेश नन्दनी शरण अपने शिष्य परिकरों के साथ शोभायात्रा सहित मणिपर्वत पर युगल सरकार को झूला झुलाया। इसके बाद से ही अयोध्या के मठ मंदिरों में झूलनोत्सव का आगाज हो गया। तो वही नगरी के बड़ा भक्त माल आश्रम में झूले पर विराजमान स्वरूप सरकार को झूला झुला रहें संत साधक। मंदिर में करीब एक दर्जन सखियां कजरी गीत गायन करके नृत्य कर रही है। मंदिर में अध्यात्म, गीत व संगीत की त्रिवेणी बह रही है। झूलनोत्सव को बड़ा भक्त माल पीठाधीश्वर महंत अवधेश दास महाराज अपनी अध्यक्षता प्रदान कर रहें देखरेख कृष्णा दास कर रहें।