: 13 करोड़ षड़ाक्षर श्रीराम मंत्र से गुंजायमान होगी रामनगरी
Tue, Aug 9, 2022
दस दिवसीय ऐतिहासिक समरोह के साक्षी बनने पूरे देश से आयेंगे संत धर्माचार्य व श्रद्धालु, होगा अंतर्राष्ट्रीय संत सम्मेलन
यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ व एमपी सीएम शिवराज सिंह चौहान सहित तमाम नामचीन हस्तियां भी होगी शामिल
गौरांग महाप्रभु प्रेमावतार श्री रामहर्षण देवाचार्य महराज द्वारा संपन्न श्रीमंत्र राज अनुष्ठान के रजत जयंती समारोह की तैयारी जोरों पर
अयोध्या। प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण के साथ अयोध्या में 5 अक्टूबर 2022 से प्रारंभ होगा महायज्ञ जिसमें 1 करोड 30 डाली जाएंगी आहूतियां। 501 जापको द्धारा 13 करोड़ षड़ाक्षर श्री राम मंत्र का होगा जप, यह जानकारी प्रेस से मुखातिब होते हुए श्रीमद जगद्गुरु रामानंदाचार्य श्री श्री 1008 स्वामी श्रीवल्लभाचार्य महाराज ने बताया। उन्होंने बताया कि अनन्तः श्री विभूषित गौरांग महाप्रभु प्रेमावतार हमारे श्री गुरुदेव सरकार श्री रामहर्षण देवाचार्य महराज द्वारा संपन्न श्रीमंत्र राज अनुष्ठान के रजत जयंती समारोह पर यह आयोजन 5 अक्टूबर से 14 अक्टूबर 2022 तक चलेगा जिसमें 11 से 13 अक्टूबर तक अंतरराष्ट्रीय विश्वस्तरीय विराट संत सम्मेलन होगा और देश के सभी संप्रदाय के सभी धर्म 4 इस सम्मेलन में उपस्थित होंगे साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
उन्होंने बताया कि 5 अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक डॉ राजेंद्रदेवाचार्य महाराज की श्रीमद्भागवत महापुराण कथा श्री रामचरितमानस का पाठ श्रीमद् बाल्मीकि रामायण व प्रेम रामायण का पाठ और वृंदावन की प्रसिद्ध चैतन्य महाप्रभु की लीला भी होगी। जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामदिनेशाचार्य महराज ने बताया कि राम मंदिर के साथ अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय महायज्ञ और सम्मेलन सभी राम भक्तों और सनातन धर्म में एक चेतना जागृत करेगी और इसका वैभव बढ़ाएगी।उन्होंने कहा कि यह आयोजन अलौकिक है जिस को सफल बनाने के लिए अयोध्या के सभी धर्माचार्य एकत्रित होकर कार्य कर रहे है। मंगल पीठाधीश्वर महंत कृपालु राम भूषण दास महाराज ने बताया कि ऐसा महायज्ञ पहले अयोध्या में नहीं हुआ था। इसको दिव्य और भव्य बनाने के लिए हम सभी प्रयास कर रहे हैं। श्री वल्लभाचार्य जी महाराज का धन्यवाद करते हैं कितना वृहद आयोजन वह अयोध्या में कर रहे है। इस अवसर पर बड़ा भक्तमाल के महंत अवधेश दास, तुलसी दास छावनी के महंत जनार्दन दास, पत्थर मंदिर के महंत मनीष दास, राम महल वैदेही भवन के महंत राम जी शरण, रामबल्लभाकुंज के राजेंद्र शास्त्री सहित अयोध्या के अन्य संत महंत उपस्थित रहे।
: राम के नाम पर जमीन में खेल करने का जुटें भाजपा नेता
Sun, Aug 7, 2022
विकास प्राधिकरण ने जारी की अवैध प्लाटिंग करने वाले 40 लोगों की सूची
भाजपा महापौर, अयोध्या विधायक व पूर्व विधायक का नाम भी शामिल
सांसद लल्लू सिंह ने सीएम योगी को लिखा था पत्र, एसआईटी जांच कि किया है मांग
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में राम के नाम पर जमीन में खेल करने का एक बड़ा मामला सामने आया है जिसमें अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, अयोध्या नगर निगम के महापौर ऋषिकेश उपाध्याय व भाजपा के पूर्व विधायक बाबा गोरखनाथ का नाम शामिल है। सरयू नदी के किनारे डूब क्षेत्र की जमीने सरकारी नजूल की जमीने और ग्रामीण क्षेत्र की जमीनों के एक बड़े हिस्से को सरकारी अधिकारियों की मिलीभगत से बड़े पैमाने पर प्रॉपर्टी डीलरों ने बेचा है.इस खरीद-फरोख्त में किसी भी मानक का पालन नहीं किया गया है. जिस के दृष्टिगत अयोध्या विकास प्राधिकरण ने 40 ऐसे प्रॉपर्टी डीलरों की लिस्ट जारी की है जिन्होंने गैरकानूनी तरीके से जमीनें खरीदी बेची और वहां प्लाटिंग करा दी. शर्मनाक बात यह है कि इन प्रॉपर्टी डीलरों की लिस्ट में अयोध्या के सदर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता महापौर ऋषिकेश उपाध्याय और मिल्कीपुर के पूर्व विधायक गोरखनाथ बाबा का नाम भी शामिल है. विकास प्राधिकरण द्वारा यह लिस्ट जारी करने के बाद हड़कंप मचा हुआ है और विपक्ष अब सत्तारूढ़ दल को घेरने की तैयारी में जुट गया है।
बताते चलें कि शहर के तटीय इलाकों में बड़े पैमाने पर जमीनों की प्लॉटिंग करा कर उन्हें बेचा गया वहां पर अवैध रूप से कालोनियां बसाई गई लोगों ने मकान खरीदे और अपने घर बना लिए. बीते 15 दिन पहले जब विकास प्राधिकरण ने उस इलाके को नदी का तराई इलाका मानते हुए डूब क्षेत्र घोषित कर बुलडोजर लेकर मकानों को गिराना शुरू किया तो हड़कंप मच गया। जिसके बाद जब मामले की जांच पड़ताल शुरू हुई तो पता चला कि जिन लोगों ने इस इलाके में मकान बनाए हैं उन्होंने जमीन के बैनामे से लेकर सरकारी महकमे के जरिए खारिज दाखिल की कार्रवाई और नगर निगम से मकान नंबर भी आवंटित करा लिया है. ऐसे में यह मकान स्वामी दावा कर रहे हैं कि जब उनके पास जमीन पर कब्जा लेने और मकान बनाने का अधिकार प्राप्त है तो उनके मकान और जमीन अवैध कैसे घोषित हो गए। जब इस पूरे मामले को लेकर बवाल खड़ा हुआ और विपक्ष ने सरकार को और प्रशासन को घेरना शुरू किया. तब फैजाबाद सांसद लल्लू सिंह ने करीब सप्ताह भर पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक पत्र लिखा और इस पत्र में उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या जिले में बड़े पैमाने पर सरकारी अधिकारियों की मिलीभगत से प्रॉपर्टी डीलरों ने जमीनों की प्लॉटिंग की है और लोगों को बेचा है। इस मामले में सांसद लल्लू सिंह ने एक एसआईटी गठित कर एसआईटी टीम के द्वारा जांच की मांग की थी। जिसके बाद अब विकास प्राधिकरण ने 40 प्रॉपर्टी डीलरों की लिस्ट जारी कर दी है।जिन जमीनों की खरीद-फरोख्त को लेकर हंगामा खड़ा हुआ है यह जमीन है अयोध्या सरयू नदी के तराई क्षेत्र से लेकर अयोध्या नगर निगम के रिहायशी इलाकों शहर से सटे ग्रामीण इलाकों से जुड़ी है. विकास प्राधिकरण द्वारा लिस्ट जारी करने के बाद हड़कंप मचा हुआ है. अवैध रूप से प्लाटिंग करने और कॉलोनी बसाने के मामले में जब सत्तारूढ़ दल के विधायक और महापौर का नाम सामने आया है तो अब इस मामले को लेकर राजनीति होना लाजमी है और कहीं ना कहीं सत्ताधारी दल के नेता सवालों के घेरे में है.वही अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विशाल सिंह ने कहा है कि लिस्ट जारी करके लोगों को नोटिस भेजने की कार्रवाई की जा रही है.जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
: भाजपा के नेता रामनगरी को कर रहे बदनाम : पवन पाण्डेय
Sun, Aug 7, 2022
नजूल विभाग के रिकॉर्ड रूम को तत्काल सील करने की किया मांग
अयोध्या। राम नगरी में अवैध प्लाटिंग को लेकर भाजपा के नेताओं ने विपक्ष को एक बड़ा मुद्दा दे दिया है। समाजवादी पार्टी के नेता व पूर्व राज्य मंत्री पवन पांडे ने सरकार पर उंगली उठाते हुए कहा की भाजपा के नेता राम नगरी को बदनाम कर रहे हैं। भाजपा नेताओं को पवन पांडे ने नकली राम भक्त बताया है। अवैध प्लाटिंग के खुलासे के बाद पवन पांडे ने अयोध्या मंडल के कमिश्नर को एक पत्र लिखा है जिसमें आरोप लगाया है कि जमीन के इस गोरखधंधे में विकास प्राधिकरण नजूल विभाग व राजस्व विभाग के कई भ्रष्ट अफसर शामिल है। इनके खिलाफ उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।यही नहीं विकास प्राधिकरण के कुछ पटल व नजूल विभाग के रिकॉर्ड रूम को तत्काल सील कर देना चाहिए नहीं तो ये अफसर नजूल के रिकॉर्ड को भी जला सकते हैं। दरअसल अयोध्या विकास प्राधिकरण ने 40 अवैध प्लाटिंग करने वालों की एक सूची जारी की है जिसमें अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता महापौर ऋषिकेश उपाध्याय व भाजपा के पूर्व विधायक बाबा गोरखनाथ का नाम शामिल है।