: शिद्दत से शिरोधार्य हुए करतलिया बाबा
Mon, Feb 6, 2023
37वीं पुण्यतिथि पर रामनगरी के संत धर्माचार्यों ने आचार्य श्री किया श्रद्धा सुमन अर्पित
पूज्य महाराज श्री भले ही स्थूलत: हमारे बीच न हों पर उनकी साधना-सिद्धि की तरंगें अभी भी आश्रम में व्याप्त हैं और एक बड़े आध्यात्मिक परिकर को बराबर प्रेरित करती हैं: बालयोगी
अयोध्या। करतलिया बाबा को याद करना संतत्व के एक युग का स्मरण है। वे आराध्य में लीनता की मिसाल थे। सोमवार को सरयू के संत तुलसीदासघाट स्थित सिद्ध पीठ श्री करतलिया बाबा के आश्रम में उनकी 37वीं पुण्यतिथि मनाई गई और इसी के साथ ही उनकी स्मृति फलक पर हुई जहां संत धर्माचार्यो ने आचार्य श्री के व्यक्तित्व पर वाक्यमयी पुष्पांजलि अर्पित की। रामनगरी के सिद्व पीठों में शुमार श्री करतलिता बाबा आश्रम के संस्थापक सिद्व सन्त परमपूज्य श्री करतलिया बाबा जी महाराज की 37वीं पुण्यतिथि आज बड़े धूमधाम से समापन हुआ। कार्यक्रम के समापन में मंदिर प्रांगण में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया जिसमें रामनगरी समेत पूरे भारत से आये संत धर्माचार्य सहित परिकरों ने आचार्य श्री श्रद्धा सुमन अर्पित कर नमन किया।मंदिर में वृहद भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें आये हुए संतो महंतो का मंदिर के महंत बालयोगी रामदास जी ने परम्परागत तरीके से स्वागत किया।
करतलिया आश्रम के महंत बालयोगी रामदास जी महाराज के अनुसार बाबा भले ही स्थूलत: हमारे बीच न हों पर उनकी साधना-सिद्धि की तरंगें अभी भी आश्रम में व्याप्त हैं और एक बड़े आध्यात्मिक परिकर को बराबर प्रेरित करती हैं। बाबा की पुण्यतिथि बालयोगी रामदास के संयोजन में मनाया गया। जिसमें अखंड पाठ का समापन हुआ।इसी कड़ी में देर शाम दिव्य मां सरयू आरती सेवा संस्थान के तत्वावधान में मां सरयू की भव्य फूल बगले की झांकी और 51 सौ बत्ती की महाआरती का आयोजन किया गया। इसके बाद पुण्यतिथि महोत्सव का समापन किया गया।
इस मौके पर खाक चौक के श्रीमहंत बृजमोहन दास,महंत परशुराम दास, महंत जनार्दन दास, महंत गिरीश दास, महंत वैदेही बल्लभ शरण, महंत कन्हैया दास,महंत धर्म दास, महंत रामकुमार दास, महंत दिलीप दास त्यागी, महंत आनंद दास, कमल दास,पूर्व मंत्री तेजनारायण पाण्डेय पवन सहित बड़ी संख्या में संत साधक मौजूद रहे।
: तोताद्रि स्वामी जी का रामनगरी में होगा ऐतिहासिक अभिनन्दन
Sat, Feb 4, 2023
श्रीवानमामलै नांगनेरी, तमिलनाडु के 31वें पीठाधीश्वर श्रीतोताद्रि स्वामी आज रामनगरी में
अयोध्या। विश्व के समस्त श्रीतोताद्रि मठों की प्रधानतम पीठ श्रीवानमामलै नांगनेरी, तमिलनाडु के 31वें पीठाधीश्वर श्रीतोताद्रि स्वामी शनिवार को अयोध्या आ रहे हैं। वे रामनगरी के विभीषण कुंड स्थित श्रीउत्तर तोताद्रि मठ में तीन दिनों तक प्रवास करेंगे। उत्तर तोताद्रि मठ द्वारा संचालित बालदेशिक सोपान ट्रस्ट के प्रबंधक केशव प्रपन्नाचार्य ने बताया कि स्वामी जी शनिवार को अपने सैकड़ों शिष्य-परिकरों संग यहां पहुंच रहे हैं। जो जगद्गुरु नैमिषारण्य से चलकर शाम 4 बजे पहुंचेंगे। अयोध्या पहुंचने पर श्रीतोताद्रि स्वामी का भव्य अभिनन्दन श्रीउत्तर तोताद्रि मठ पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी अनंताचार्य जी की अगुवाई में स्वागत किया जायेगा।
प्रबंधक ने बताया कि पूरे विश्व में तोताद्रि मठ की 200 से ज्यादा शाखाएं हैं। उसकी मूलगद्दी श्रीवानमामलै नांगनेरी है। यह उनकी धार्मिक यात्रा है। वह रामलला का दर्शन कर संत-धर्माचार्यों से मुलाकात करेंगे।
: राम मंदिर में शालिग्राम शिलाओं से बनेगी भगवान की मूर्ति
Thu, Feb 2, 2023
नेपाल से शालिग्राम शिला पहुंची रामनगरी, हुआ विधिवत पूजन अर्चन
राम मंदिर में भगवान राम की मूर्ति मशहूर शिल्पकार राम वनजी सुतार बनाएंगे, इससे पहले उन्होंने सरदार पटेल की सबसे ऊंची मूर्ति से लेकर शिवाजी, भगवान शिव, महाराजा रणजीत सिंह जैसे महापुरुषों की मूर्ति बना चुके
विख्यात शिल्पकार राम वी सुतार भगवान राम की प्रतिमा गढ़ेंगे
भगवान शिव से लेकर भगवान राम तक की भव्य मूर्तियों को आकार देने में सुतार का योगदान ऐतिहासिक
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में भगवान रामलला का भव्य मंदिर निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। इसके साथ ही लोगों में इस बात की भी उत्सुकता है कि मंदिर में भगवान राम की प्रतिमा जो लगेगी, उसका स्वरूप कैसा होगा। मूर्ति में भगवान के बाल रूप के स्वरूप को लेकर एक्सपर्ट्स का रिसर्च जारी है। इस बीच 6 करोड़ साल पुरानी नेपाल की गंडकी नदी की शालिग्राम शिला मंगलवार को रामनगरी अयोध्या पहुंच गई। इस शिला से ही भगवान की प्रतिमा बननी है।
इस शिला से विख्यात शिल्पकार राम वी सुतार भगवान की प्रतिमा गढ़ेंगे। पवित्र शिला से भगवान की भव्य मूरत गढ़ने की जिम्मेदारी सुतार को यूं ही नहीं दी गई है। उन्होंने भारत में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी से लेकर शिवाजी, भगवान शिव और बाबा साहेब अंबेडकर तक की मूर्तियों का शिल्प किया है।
राम वी सुतार दुनिया की सबसे ऊंची मूर्ति स्टैच्यू ऑफ यूनिटी बनाने वाले विश्वप्रसिद्ध शिल्पकार हैं। 98 साल के हो चुके राम वनजी सुतार महाराष्ट्र के धूलिया जिले के गोंडूर गांव में 19 फरवरी 1925 को पैदा हुए थे। श्रीराकृष्ण जोशी से कला के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा लेकर सुतार ने मुंबई के जेजे स्कूल ऑफ आर्ट में ऐडमिशन लिया। इसके बाद साल 1959 में वह दिल्ली आ गए और भारत सरकार के सूचना-प्रसारण मंत्रालय में काम करने लगे। इससे पहले वह फ्रीलांस मूर्तिकार के रूप में काम करते थे। दिल्ली के लक्ष्मीनगर में उन्होंने एक स्टूडियो खोला। 1990 से नोएडा में बस गए सुतार ने साहिबाबाद में साल 2006 में अपनी कास्टिंग फैक्ट्री स्थापित की। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया कि स्कूल के समय में ही उन्होंने सबसे पहले महात्मा गांधी का एक मुस्कुराता हुआ चित्र बनाया था।
महात्मा गांधी से बहुत ज्यादा प्रभावित सुतार ने भारतीय ऐतिहासिक धरोहरों को पुनर्स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। साल 1954 से 1958 के बीच उन्होंने अजंता और एलोरा की गुफाओं की कई पुरानी नक्काशियों को फिर से स्थापित करने में योगदान दिया। पत्थर की एक ही चट्टान से उन्होंने मध्य प्रदेश में चंबल स्मारक को शानदार तरीके से तराशा। साल 1959 की बात है। भाखड़ा-नांगल बांध बनाने वाले मजदूरों को सम्मानित करने के लिए तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने 50 फुट के लेबर स्टैच्यू के शिल्प का काम सुतार को दिया था। यह प्रतिमा 16 जनवरी 1959 को स्थापित की गई, जो आज भी मई दिवस की प्रतिनिधि तस्वीर मानी जाती है।
सुतार ने भारत में राजनेताओं से लेकर ऐतिहासिक नायकों तक की इतनी मूर्तियों को बनाने में योगदान दिया है कि उन्हें आज का विश्वकर्मा कहा जाए तो अतिशयोक्ति नहीं होगी। विश्वकर्मा को देवताओं का शिल्पकार माना जाता है और कहा जाता है कि शिव के निर्देश पर सोने की लंका को बनाने में उनका ही हाथ है। वैसे ही भगवान शिव से लेकर अब भगवान राम तक की भव्य मूर्तियों को आकार देने में सुतार का योगदान ऐतिहासिक हो गया है।
गुजरात में बनी दुनिया की सबसे ऊंची 182 मीटर की मूर्ति राम वी सुतार ने ही तैयार की है। दिल्ली की 10 फीट लंबी गोविंद वल्लभ पंत की कांस्य प्रतिमा, बिहार में कर्पूरी ठाकुर, अनुग्रह नारायण सिन्हा की मूर्ति, अमृतसर में महाराजा रणजीत सिंह की 21 फीट ऊंची प्रतिमा के साथ संसद के अंदर लगी महात्मा गांधी की मूर्ति को भी सुतार ने ही आकार दिया है। संयुक्त राष्ट्र के सुरक्षा परिषद के मुख्यालय पर पिछले साल महात्मा गांधी की एक प्रतिमा स्थापित की गई थी। इस प्रतिमा का शिल्प भी राम वनजी सुतार ने किया था। महात्मा गांधी की यह पहली मूर्ति है, जिसे यूएन मुख्यालय में स्थापित किया गया। रामनगरी में लता मंगेशकर को समर्पित नयाघाट पर लगी वीणा की विशाल प्रतिमा भी सुतार ने ही तैयार की है।
रामजी सुतार अयोध्या के बहुप्रतीक्षित राम मंदिर में भगवान राम की रूप प्रतिमा का शिल्प तो करेंगे ही। इसके साथ ही अयोध्या में बनने वाली दुनिया की सबसे ऊंची भगवान राम की मूर्ति को भी बनाने में वह अपने बेटे अनिल सुतार के साथ लगे हैं। इसके अलावा मुंबई में छत्रपति शिवाजी महाराज की 212 मीटर ऊंची और बाबा साहेब की 137.2 मीटर ऊंची प्रतिमा को बनाने में भी वह अपना योगदान दे रहे हैं। कर्नाटक में भगवान शिव की 46.6 मीटर ऊंची मूर्ति को भी सुतार ही तैयार कर रहे हैं।
राम वी सुतार को उनकी कलात्मक शिल्प साधना को सम्मानित करते हुए साल 1999 में तत्कालीन अटल बिहारी वाजपेयी सरकार ने पद्मश्री से अलंकृत किया था। इसके अलावा उन्हें पद्म भूषण पुरस्कार और टैगोर कल्चरल अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया है। सुतार बॉम्बे आर्ट्स सोसाइटी की ओर से 3 पुरस्कारों से सम्मानित हुए हैं। इसके अलावा साहित्य कला परिषद नई दिल्ली की ओर से भी उन्हें पुरस्कार और सम्मान प्राप्त है।