: श्रीमद्भागवत कथा मृत्यु को महोत्सव बनाने की कथा है: राधेश्याम शास्त्री
Sat, Nov 26, 2022
अयोध्या। श्रीमद्भागवत की कथा शरणागति की कथा है शरणागति का अर्थ है भगवान के चरणों में समर्पित हो जाना और भगवान के चरणों में समर्पित होने के लिए सबसे बड़ी बात है अपने आप का परित्याग कर देना।उक्त बातें प्रख्यात कथावाचक राधेश्याम शास्त्री जी ने कौशलपुरी कालोनी फेज 1 पानी टंकी के निकट आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के प्रथम दिवस कही।राधेश्याम शास्त्री ने कहा कि जब आप अपने अहम का परित्याग करके भगवान के शरण आप होते हैं तब एक समर्थ गुरु सुखदेव जी महाराज जैसा प्रगट हो करके आपके जीवन के उन तमाम झंझावात को खत्म करके आपके जीवन में भक्ति की ज्योति जला देता है। स्वामीजी ने कहा कि गुरु की शरणागति जीवन में मृत्यु के बंधन को काटकर मोक्ष की ओर आपके मार्ग को प्रशस्त करती है। श्रीमद्भागवत की कथा मृत्यु को महोत्सव बनाने की कथा है।
: श्रीहनुमानगढ़ी विकास की ओर उन्मुख: श्रीमहंत मुरलीदास
Fri, Nov 25, 2022
निर्वाणी अनी अखाड़ा के श्री महंत मुरली दास के नेतृत्व में निर्माणाधीन पंचायत भवन और भंडार गृह का संतों ने निरीक्षण, निर्माण कार्य से जताई संतुष्टि
संकटमोचन सेना अध्यक्ष महंत संजय दास ने कहा, हनुमानगढ़ी अब विकास की ओर चल पड़ी,श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए बनेगा विशाल धर्मशाला जो होगा निशुल्क
पूर्व प्रधानमंत्री महंत माधव दास ने कहा, हनुमानगढ़ी हमेशा सेवा के लिए प्रसिद्ध है और मंदिर निर्माण के साथ सेवा के अन्य प्रकल्प भी प्रारंभ किए जा रहे
महंत डा महेश दास ने कहा, अयोध्या में लोग व्यवसायिक निर्माण करवा रहे हैं लेकिन हनुमानगढ़ी सेवा की दृष्टि से अयोध्या में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अब बृहद निर्माण करवायेंगी
अयोध्या। सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी के इमली बाग गौशाला में अखिल भारतीय श्रीपंच रामानन्दीय निर्माणी अनी अखाड़ा हनुमानगढ़ी के सौजन्य से भव्य पंचायत भवन और भंडार गृह का भूमि पूजन व शिलान्यास हनुमानगढ़ी के गद्दी नशीन श्रीमहंत प्रेम दास महाराज ने 10 अगस्त को किया था जिसका बहुत ही तीव्र गति से निर्माण किया जा रहा है। आज शुक्रवार को निर्वाणी अनी अखाड़ा के श्री महंत मुरली दास के नेतृत्व में संकट मोचन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत संजय दास, पूर्व प्रधानमंत्री महंत माधव दास व गद्दी नशीन महाराज के शिष्य हनुमत संस्कृत स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ महेश दास व महंत रामशंकर दास के साथ हनुमानगढ़ी के दर्जनों महंत और नागा संतो ने मौके पर जाकर निर्माणाधीन पंचायत भवन और भंडार गृह का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य से संतुष्टि जताई। इस अवसर पर श्री महंत मुरली दास महाराज ने बताया कि इस भंडार गृह के साथ अयोध्या में भव्य मंदिर का निर्माण हो रहा है इससे निश्चित ही श्रद्धालुओं और भक्तों की संख्या बढ़ी है और आने वाले समय में और बढ़ेगी जिसके लिए अयोध्या में हनुमानगढ़ी के जमीन पर निशुल्क धर्मशाला का निर्माण कराया जाएगा।
संकट मोचन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत संजय दास महाराज ने बताया कि अब श्री हनुमानगढ़ी विकास की ओर चल पड़ी है। हनुमानगढ़ी एक विशाल धर्मशाला का निर्माण कराएगी जो श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क होगा। उन्होंने कहा कि यह भंडार गृह का निर्माण 30 हजार स्क्वायर फिट में होगा जो दो मंजिला की होगी। इसमें सभी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगी।
पूर्व प्रधानमंत्री महंत माधव दास जी महाराज ने बताया कि हनुमानगढ़ी हमेशा सेवा के लिए प्रसिद्ध है और मंदिर निर्माण के साथ सेवा के अन्य प्रकल्प भी प्रारंभ किए जा रहे हैं जिससे अयोध्या में आने वाले श्रद्धालु आराम से प्रभु श्री राम लला हनुमान जी महाराज का दर्शन कर सकें।
गद्दी नशीन के शिष्य हनुमत संस्कृत स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर महेश दास ने बताया कि अयोध्या में लोग व्यवसायिक निर्माण करवा रहे हैं लेकिन हनुमानगढ़ी सेवा की दृष्टि से अयोध्या में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अब बृहद निर्माण करवायेंगी। इस अवसर पर महंत रामशंकर दास,महंत नंदराम दास, महंत सत्यदेव दास, वरिष्ठ पुजारी हेमंत दास ,नागा इंद्रदेव दास, नागा मनोज दास, नागा मामा दास, नागा मधुबन दास, पहलवान मनीराम, महेश योगी, कृष्णकांत दास प्रेम मूर्ति, मुख्तार जयप्रकाश श्रीवास्तव अजय, शिवम श्रीवास्तव सहित दर्जनों लोगों ने निरीक्षण किया और कार्य से संतुष्टि जताई।
: नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा ने की शक्ति प्रदर्शन की तैयारी
Fri, Nov 25, 2022
नगर निगम, नगर पालिका व नगर पंचायत से 25-25 हजार लोगो की भीड़ जुटाने का लक्ष्य
अयोध्या। नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा ने व्यापक रुप से शक्ति प्रदर्शन की तैयारी की है। यह शक्ति प्रदर्शन 27 नवम्बर। को यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की शहर के जीआईसी मैदान में प्रस्तावित जनसभा के दौरान किया जायेगा। नगर निगम क्षेत्र से 25 हजार व नगर पालिका तथा नगर पंचायत से 25 हजार कुल पचास हजार लोगो की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। जिसमें टिकट के दावेदारों से भी भीड़ जुटाने के लिए कहा गया है। जनसभा स्थल व अन्य स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाये जायेंगे। जो टिकट के दावेदारों द्वारा ले आयी जाने वाली भीड़ का आकलन करेगा। जो टिकट मिलने का एक आधार भी बनेगा। इसको लेकर पार्टी कार्यालय पर एक तैयारी बैठक आयोजित की गयी। बैठक को सम्बोधित करते हुए सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि अयोध्या वर्तमान में विश्व की सर्वोत्तम नगरी के रुप में स्थापित होने जा रही है। जिसको लेकर यहां के निवासियों में उत्साह का माहौल है। सरकार के प्रयासों की वजह से अयोध्या विश्व पयर्टन के मानचित्र पर स्थापित हो गयी है। जनसभा का उद्देश्य हर घर तक मुख्यमंत्री का संदेश पहुंचाना है। इसलिए इसकी व्यापक तैयारी हो कि प्रत्येक घर से एक व्यक्ति अवश्य जनसभा में सम्मलित हो। महापौर ऋषिकेश उपाध्याय ने कहा कि पदाधिकारी व कार्यकर्ता अपनी सक्रियता और बढ़ा दें। हर वार्ड में हर परिवार से एक लक्ष्य बनाकर सम्पर्क स्थापित करना प्रारम्भ कर दें। विभिन्न माध्यमों से लोगो को रैली में आने हेतु प्रेरित करें। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि जीआईसी के मैदान में होने वाली रैली ऐतिहासिक होगी। इसका संदेश काफी व्यापक जायेगा। जिला प्रभारी पद्मसेन चौधरी ने कहा कि पार्टी के टिकट के उम्मीदवारों के लिए भी यह जनसभा एक परीक्षा की भांति होगा। खासकर पार्षद व महापौर हेतु जो भी पार्टी से टिकट चाहते है वह अभी से तैयारियों में जुट जाये। महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा ने कहा कि नगर निगम के हर वार्ड में एक प्लान्ड तरीके से हमें जनसम्पर्क की रणनीति बनानी है। जनसम्पर्क युद्ध स्तर पर चलाना होगा। वार्ड के सभी पदाधिकारी इसके लिए प्रभावी कार्ययोजना बना लें। इस अवसर पर प्रतीक श्रीवास्तव, आलोक द्विवेदी, बालकृष्ण वैश्य, मनमोहन जायसवाल, मनोज श्रीवास्तव, दिव्य प्रकाश तिवारी, परमानंद मिश्रा, रामकुमार सिंह राजू, रमेश दास, अनुज दास, जितेन्द्र दूबे मिंटू प्रधान, गिरीश पाण्डेय डिप्पुल, दिवाकर सिंह, राकेश मणि त्रिपाठी, अशोका द्विवेदी, आकाश मणि त्रिपाठी सभी वार्डो के प्रभारी, अध्यक्ष, संयोजक, महापौर व पार्षद पद हेतु भाजपा से टिकट के दावेदार शामिल थे।